भारत में Covid-19 की रफ्तार दुनिया के सबसे प्रभावित देशों से भी ज्यादा तेज

भारत में Covid-19 की रफ्तार दुनिया के सबसे प्रभावित देशों से भी ज्यादा तेज

सेहतराग टीम

भारत में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों की संख्या थम नहीं रही है। आए दिन संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब विशेषज्ञ भी अध्ययन और गणना के आधार पर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।  भारत में संक्रमण की रफ्तार सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका और ब्राजील से भी ज्यादा है।

पढ़ें- 24 घंटे में 27 हजार से ज्यादा नए केस आए, 519 लोगों की मौत हुई, जानें राज्यवार मामले

भारत में दोनों देशों से दोगुना यानी 3.3 फीसदी वृद्धि दर है। अमेरिका में यह दर 1.8 और ब्राजील में 1.9 फीसदी है। विश्व में सबसे ज्यादा वृद्धि दर 4.7  फीसदी दक्षिण अफ्रीका में दर्ज हुई है। 

जोधपुर आईआईटी के पूर्व प्रोफेसर रीयो एम जॉन के मुताबिक, भारत में संक्रमण की दर में वृद्धि होना गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर रही है। आम तौर पर संक्रामक रोग विशेषज्ञ कोरोना पीक की बात कर रहे हैं। अमेरिका और ब्राजील में काफी हद तक पीक देखने को मिल चुका है, लेकिन भारत में अभी पीक को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। फिलहाल सबसे ज्यादा दैनिक औसत मरीज अमेरिका में 52,221, ब्राजील (30,628) और भारत में 23,084 मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

वहीं, हर दिन मौतों में सबसे आगे ब्राजील है। ब्राजील में रोज औसतन 825, अमेरिका में 601 और भारत में 549 लोगों की मौत हो रही है। प्रो. रीयो एम जॉन ने बताया कि पांच-पांच दिन के आंकड़ों के गणितीय आकलन के आधार पर वृद्धि दर आंकी जाती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, कोरोना का टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 9.34 फीसदी के आसपास है। 21वें दिन में मरीजों की संख्या दोगुना हो रही है। विशेषज्ञों का यहां तक कहना है कि बीते 20 दिन में राजधानी दिल्ली में दैनिक मामलों में तेजी से कमी आई है।

 

इसे भी पढ़ें-

कैसे और कब ख़त्म होगी कोरोना महामारी? जानें क्या कहती है नई रिसर्च

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।